भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश में 8 अगस्त से निजी बसों के संचालन पर बड़ा असर पड़ सकता है। प्रदेश के निजी बस संचालकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। यदि सरकार और बस ऑपरेटरों के बीच सहमति नहीं बनती है, तो हजारों बसों का संचालन बंद हो सकता है, जिससे लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बस संचालकों का कहना है कि लंबे समय से परिवहन व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं और मांगों के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी के विरोध में 8 अगस्त से प्रदेशव्यापी हड़ताल का निर्णय लिया गया है। यात्रियों पर पड़ेगा सीधा असर हड़ताल लागू होने की स्थिति में इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, रीवा, सागर, सीधी, शहडोल, सिंगरौली सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के बीच संचालित निजी बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को सबसे अधिक दिक्कत होगी। सरकार से समाधान की मांग बस ऑपरेटरों ने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकला तो 8 अगस्त से बसों का संचालन बंद रहेगा। दूसरी ओर परिवहन विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हड़ताल टालने के लिए वार्ता की संभावना बनी हुई है।