enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्य प्रदेश के 5 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट, 10 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

मध्य प्रदेश के 5 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट, 10 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ चुका है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 5 जिलों में अति भारी बारिश और 10 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान कुछ इलाकों में 4 इंच तक बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम और रायसेन जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। वहीं देवास, सीहोर, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर और छतरपुर में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार प्रदेश के ऊपर से मानसूनी ट्रफ और चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) गुजर रहा है। इसके अलावा प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में भी एक चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मध्य प्रदेश में मजबूत वर्षा प्रणाली बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि यह सिस्टम ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ से होते हुए आगे बढ़ रहा है, जिससे मध्य प्रदेश के पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में व्यापक और तेज बारिश होने की संभावना है। बाद में यह सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर होकर पहले अवदाब और फिर निम्न दाब क्षेत्र में परिवर्तित हो जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी भोपाल सहित राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, कटनी, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में भी कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है। वहीं किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।

Share:

Leave a Comment