भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के दौरान शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिलों में भारी बारिश (हैवी रेन) का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 4 इंच या इससे अधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, ग्वालियर सहित प्रदेश के करीब 50 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में मानसून ट्रफ, शियर जोन तथा पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में सक्रिय दो लो प्रेशर एरिया के कारण बारिश की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं। इसी वजह से आगामी चार दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है। बारिश की कमी में हुआ सुधार प्रदेश में पिछले पांच दिनों के दौरान बारिश के आंकड़ों में सुधार दर्ज किया गया है। 20 जुलाई तक जहां सामान्य से 17 प्रतिशत कम वर्षा हुई थी, वहीं यह कमी घटकर 21 जुलाई को 14 प्रतिशत, 22 जुलाई को 11 प्रतिशत, 23 जुलाई को 10 प्रतिशत और 24-25 जुलाई तक 11 प्रतिशत रह गई है। अब तक प्रदेश में औसतन 330.4 मिमी (करीब 13 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य रूप से इस अवधि तक 370.9 मिमी (करीब 14.6 इंच) वर्षा होनी चाहिए थी। पूर्वी मध्यप्रदेश में 15 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 8 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इन जिलों में बारिश की संभावना मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, रतलाम, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा सहित कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं सीधी, सिंगरौली, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।