enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश के नए मुख्य सचिव बने अशोक वर्णवाल, देर रात जारी हुआ आदेश

मध्यप्रदेश के नए मुख्य सचिव बने अशोक वर्णवाल, देर रात जारी हुआ आदेश

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के प्रशासनिक महकमे में बड़ा बदलाव किया गया है। मुख्य सचिव अनुराग जैन को केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक वर्णवाल को प्रदेश का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार देर रात आदेश जारी कर दिए।

जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार की नियुक्ति समिति (ACC) ने 1989 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग जैन को नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। उनके नई जिम्मेदारी संभालने के साथ ही मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव का पद रिक्त होने वाला था, जिसे देखते हुए राज्य सरकार ने अशोक वर्णवाल की नियुक्ति का निर्णय लिया।

अशोक वर्णवाल वर्ष 1991 बैच के वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। नियुक्ति से पहले वह लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव, सार्वजनिक राहत एवं पुनर्वास विभाग के अपर मुख्य सचिव तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अशोक वर्णवाल तत्काल प्रभाव से मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव का दायित्व संभालेंगे। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।

अशोक वर्णवाल की नियुक्ति को राज्य के प्रशासनिक नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। अब उनके नेतृत्व में प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था और विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share:

Leave a Comment