भोपाल (ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन आज हंगामेदार रहने के आसार हैं। सदन में सरकार 17,455 करोड़ 76 लाख 55 हजार 54 रुपये के अनुपूरक बजट पर चर्चा कराएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इस बजट पर करीब एक घंटे तक चर्चा होगी। इसके अलावा सदन में छह महत्वपूर्ण विधेयकों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इनमें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता संशोधन विधेयक, मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय स्थापना एवं संचालन संशोधन विधेयक, आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक तथा निरसन विधेयक सहित अन्य प्रस्तावित विधेयक शामिल हैं। आज की कार्यवाही के दौरान विभिन्न जनहित के मुद्दों पर नौ ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिन पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। वहीं, विपक्ष ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी सहित कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। माना जा रहा है कि इन मुद्दों पर सदन में जोरदार हंगामा हो सकता है। विपक्षी दल मंगलवार रात से ही सदन के भीतर और बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके चलते आज की कार्यवाही के दौरान तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है। सरकार जहां विधायी कार्यों और वित्तीय प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष जनहित और राजनीतिक मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोलने के मूड में है। ऐसे में मानसून सत्र का तीसरा दिन काफी अहम और राजनीतिक रूप से गर्म रहने की संभावना है।