enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, अगले 4 दिन झमाझम बारिश के आसार; 15 जिलों में भारी से अति भारी वर्षा का अलर्ट

एमपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, अगले 4 दिन झमाझम बारिश के आसार; 15 जिलों में भारी से अति भारी वर्षा का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में लंबे अंतराल के बाद मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 36 घंटे से प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है और कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी बन गई है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के 15 जिलों में भारी से अति भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। शिवपुरी, गुना, सागर और डिंडौरी जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां अगले 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है।

इसके अलावा श्योपुर, अशोकनगर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, दमोह, नीमच, मंदसौर, उज्जैन, धार और बड़वानी जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

वहीं राजधानी भोपाल सहित रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर और निवाड़ी जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसूनी तंत्र के दोबारा सक्रिय होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होगी, जिससे खरीफ फसलों को लाभ मिलेगा। हालांकि, जिन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहां लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने भी नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों और निचले इलाकों के निवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। भारी बारिश के दौरान जलभराव, बिजली गिरने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Share:

Leave a Comment