enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सीधी: जंगल में पेड़ से लटका मिला नवविवाहिता का शव, हत्या या आत्महत्या? पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

सीधी: जंगल में पेड़ से लटका मिला नवविवाहिता का शव, हत्या या आत्महत्या? पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़िका गांव में सोमवार को एक 22 वर्षीय नवविवाहिता का शव जंगल के पास पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल मामले की हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।

जंगल के पास मिला शव

मृतका की पहचान कृष्णा देवी साहू (22), पत्नी गोरेलाल साहू, निवासी मुड़िका के रूप में हुई है। उनका शव कुसियारी-मुड़िका मार्ग किनारे जंगल के पास एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

पति ने क्या बताया?

मृतका के पति गोरेलाल साहू ने पुलिस को बताया कि रविवार रात उनकी पत्नी घर पर ही थी। सुबह वह कब घर से निकली, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों से पत्नी का शव पेड़ पर लटका होने की सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी।

पति के अनुसार, दोनों की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उनके बीच किसी प्रकार का पारिवारिक विवाद नहीं था।

पुलिस जुटी जांच में

बहरी थाना पुलिस ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Share:

Leave a Comment