तेज रफ्तार और विपरीत दिशा से वाहन चलाना बना हादसे की वजह, पुलिस ने शुरू की जांच सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के बैढ़न क्षेत्र में रविवार देर रात स्टेडियम के पास स्थित क्रॉसिंग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भीषण सड़क हादसे में दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना तेज रफ्तार और विपरीत दिशा से वाहन चलाने के कारण हुई। दोनों बाइकें तेज गति से आमने-सामने टकराईं, जिससे दोनों चालक सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों द्वारा दोनों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने स्टेडियम क्रॉसिंग पर बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।