भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में मौसम रहेगा साफ भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में मानसून की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने रविवार को छतरपुर और पन्ना जिले में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं जबलपुर, ग्वालियर, सीधी, रीवा, सिंगरौली सहित 34 जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश और उसके आसपास वर्तमान में चार साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) तथा एक ट्रफ सक्रिय है। इन्हीं मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। शनिवार को भोपाल, नर्मदापुरम सहित कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गई। यही स्थिति रविवार को भी बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने छतरपुर और पन्ना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा रायसेन, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के आसार हैं। वहीं राजधानी भोपाल, राजगढ़, सीहोर, हरदा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर और देवास जिलों में मौसम सामान्य रहने तथा धूप निकलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण अगले कुछ दिनों तक अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। जिन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, वहां लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।