प्रदेश में अब तक 25% कोटे की बारिश पूरी, अगले चार दिन भारी से अति भारी वर्षा के आसार; सतना, पन्ना, सीधी और रीवा संभाग के जिलों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में मानसून का मजबूत सिस्टम सक्रिय होने से प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को भी कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक मानसून सीजन की निर्धारित औसत बारिश का करीब 25 प्रतिशत (9.4 इंच) पानी गिर चुका है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत 32 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश** रिकॉर्ड की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि पूरे जुलाई माह में बारिश का दौर जारी रहेगा, जिससे वर्षा का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है। गुरुवार को मंडला में सबसे अधिक करीब पौन इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सिंगरौली में आधा इंच से अधिक तथा बालाघाट में करीब आधा इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई। बैतूल, ग्वालियर, नर्मदापुरम, जबलपुर, खजुराहो, सागर, सतना और सीधी सहित कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग ने भिंड जिले के लिए अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं मुरैना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, राजगढ़, आगर-मालवा और रतलाम में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा नीमच, उज्जैन, शाजापुर, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, दमोह, छतरपुर और पन्ना में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। विशेष रूप से पन्ना और सतना जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जहां अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच या उससे अधिक वर्षा हो सकती है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित अनेक जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने नागरिकों से भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों में न रुकने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।