enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश रीवा से इंदौर जा रही बस में चलते-चलते लगी भीषण आग

रीवा से इंदौर जा रही बस में चलते-चलते लगी भीषण आग

इंदौर(ईन्यूज एमपी)- रीवा से इंदौर जा रही जय अंबे ट्रैवल्स की एक यात्री बस गुरुवार को इंदौर जिले के शिप्रा क्षेत्र में आग का शिकार हो गई। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलती बस में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक और परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा बस का टायर फटने के बाद हुआ। माना जा रहा है कि टायर फटने के बाद हुए घर्षण से आग लगी, जिसने कुछ ही देर में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते बस से काले धुएं का गुबार उठने लगा और आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं।

घटना की सूचना मिलते ही शिप्रा पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे के एक हिस्से पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। आशंका थी कि आग डीजल टैंक तक पहुंचने पर बड़ा विस्फोट हो सकता है, इसलिए आसपास मौजूद लोगों को भी सुरक्षित दूरी पर हटाया गया। मौके पर 108 एंबुलेंस भी पहुंच गई थी।

देवास और इंदौर से दमकल वाहनों को तत्काल रवाना किया गया। हालांकि बताया जा रहा है कि देवास से निकला एक दमकल वाहन रसूलपुर क्षेत्र में सड़क निर्माण के कारण लगे जाम में फंस गया, जिससे पहुंचने में देरी हुई। इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

औद्योगिक थाना देवास के टीआई शशिकांत चौरसिया ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।

इस हादसे में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई, लेकिन सभी यात्रियों के सुरक्षित बच जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Share:

Leave a Comment