सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के सिहावल विकासखंड अंतर्गत अमिलिया मुख्य बाजार में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घड़ियाल आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया। रात करीब 11 बजे घड़ियाल बाजार स्थित एक बीज भंडार की दुकान तक पहुंचा और अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन शटर बंद होने के कारण वह दुकान में प्रवेश नहीं कर सका। घड़ियाल दिखाई देते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय समाजसेवी राजू गुप्ता ने सोन घड़ियाल अभ्यारण्य की रेस्क्यू टीम को जानकारी दी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद रेस्क्यू टीम समय पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों को करीब एक घंटे तक घड़ियाल की निगरानी करते हुए इंतजार करना पड़ा। बाद में टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित रेस्क्यू अभियान चलाकर घड़ियाल को पकड़ लिया। रेस्क्यू अभियान में सोन घड़ियाल अभ्यारण्य के अंजनी शर्मा, शिवेंद्र मिश्रा, रामजीत कोटवार सहित अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया। टीम ने सावधानीपूर्वक घड़ियाल को पकड़कर बिना किसी नुकसान के उसके प्राकृतिक आवास सोन नदी में छोड़ दिया। ग्रामीण सूर्य सिंह ने बताया कि पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र में घड़ियाल और मगरमच्छ देखे जाते रहे हैं। कई बार ये रिहायशी इलाकों और घरों तक पहुंच जाते हैं। उनका कहना है कि समय पर रेस्क्यू टीम नहीं पहुंचने से ग्रामीणों को पूरी रात अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले लगभग एक वर्ष से अमिलिया तालाब में भी एक घड़ियाल रह रहा था। हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद उसके सोन नदी में लौटने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, लोगों को आशंका है कि नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण अन्य घड़ियाल भी तालाबों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ सकते हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी और त्वरित रेस्क्यू व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।