कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, नदियां उफान पर; सीधी-सिंगरौली सहित पूर्वी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। पन्ना, छतरपुर, खंडवा समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मंगलवार को कई मार्ग जलमग्न होने से आवागमन प्रभावित रहा, जबकि नदियां और नाले उफान पर रहे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) भोपाल के अनुसार, प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर और टीकमगढ़ जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश दर्ज हो सकती है। इसके अलावा ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, उज्जैन, इंदौर, धार, झाबुआ, नीमच और मंदसौर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, आलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, देवास, भोपाल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, मैहर और सिंगरौली जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा उफनती नदियों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की है। वहीं, आपदा प्रबंधन एवं स्थानीय प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।