enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज करेंगे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन, भोपाल को मिलेगा विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज करेंगे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन, भोपाल को मिलेगा विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (6 जुलाई) राजधानी भोपाल के सतगढ़ी क्षेत्र में विकसित किए जा रहे **डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क** का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास करेंगे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश और देश के 200 से अधिक उद्योगपति, निवेशक तथा उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह परियोजना प्रदेश को औद्योगिक एवं निवेश के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

लगभग 173 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाला यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, उत्कृष्ट सड़क एवं परिवहन संपर्क, आईटी और एआई आधारित सुविधाओं, लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग कॉम्प्लेक्स से सुसज्जित होगा। परियोजना को 'वर्क-लिव-ग्रो' मॉडल पर विकसित किया जाएगा, जहां उद्योगों के साथ कौशल विकास, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण जीवन के लिए आवश्यक सुविधाओं का भी समन्वित विकास होगा।

पार्क में उच्च मूल्य विनिर्माण, गारमेंट, टॉयज, आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लॉजिस्टिक्स तथा अन्य उभरती तकनीकों से जुड़े उद्योगों की स्थापना की योजना है। इससे राजधानी भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में निवेश के नए अवसर पैदा होंगे तथा 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है।

परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता 25 एकड़ क्षेत्र में बनने वाला विश्वस्तरीय कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर होगा। 10 हजार से अधिक लोगों की क्षमता वाला यह परिसर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशक सम्मेलन, औद्योगिक प्रदर्शनियों, व्यापारिक आयोजनों तथा वैश्विक व्यावसायिक कार्यक्रमों की मेजबानी करेगा। इससे भोपाल को मध्य भारत के प्रमुख एमआईसीई (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस एवं एग्जिबिशन) गंतव्य के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

रणनीतिक दृष्टि से यह परियोजना राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, कोलार रोड और प्रस्तावित वेस्टर्न बायपास से बेहतर कनेक्टिविटी के कारण निवेशकों के लिए अत्यंत सुविधाजनक होगी। पार्क में एससीएडीए आधारित जल प्रबंधन प्रणाली, जल एवं सीवेज शोधन संयंत्र, ऑटोमेटेड एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम, इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था तथा अत्याधुनिक यूटिलिटी कॉरिडोर जैसी पर्यावरण-अनुकूल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

यह महत्वाकांक्षी परियोजना भोपाल को औद्योगिक निवेश, आधुनिक विनिर्माण और रोजगार का नया केंद्र बनाने के साथ-साथ मध्य प्रदेश की निवेश क्षमता को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।

Share:

Leave a Comment