20 से अधिक जिलों में झमाझम बारिश, पांढुर्णा में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। रविवार को 20 से अधिक जिलों में झमाझम बारिश हुई, जबकि मौसम विभाग ने सोमवार के लिए 23 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश से नदियां-नाले उफान पर हैं और कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार सोमवार को सागर, दमोह, बैतूल, देवास, आलीराजपुर, उमरिया, सिवनी, छिंदवाड़ा और अनूपपुर जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रतलाम, उज्जैन, धार, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, गुना, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और पन्ना में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा भोपाल, सीधी, रीवा, सतना, मऊगंज, सिंगरौली, शहडोल, मैहर, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, टीकमगढ़, निवाड़ी, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा और राजगढ़ सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। रविवार को पांढुर्णा जिले के सीतापार के पगड़ी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 48 वर्षीय सुलोचना तड़ाम की मौत हो गई। वहीं सीहोर में घने बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। शाजापुर में सर्वाधिक 28 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि मंदसौर में इस मानसून सीजन की कुल वर्षा 6.04 इंच पहुंच गई। लगातार बारिश के कारण कालीसिंध नदी उफान पर बह रही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को छिंदवाड़ा में सबसे अधिक ढाई इंच से ज्यादा बारिश हुई। सिवनी, उज्जैन और श्योपुर में लगभग पौन इंच तथा टीकमगढ़ और ग्वालियर में आधा इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सीधी, रीवा, जबलपुर, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, बालाघाट, सीहोर, विदिशा, मंदसौर, राजगढ़, इंदौर और अन्य जिलों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। लगातार बारिश से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इंदौर में अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस, भोपाल में 32.2 डिग्री, उज्जैन में 32.7 डिग्री, जबलपुर में 34 डिग्री और ग्वालियर में 37.7 डिग्री दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान खजुराहो में 39 डिग्री और सबसे कम बैतूल में 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के आंकड़ों की बात करें तो प्रदेश में अब तक 163.1 मिलीमीटर यानी लगभग 6.4 इंच वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्य वर्षा 172.8 मिलीमीटर मानी जाती है। इस प्रकार अब तक प्रदेश में औसतन 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में सामान्य से 17 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में अभी भी 29 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के पास सतर्क रहने तथा आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों में नहीं जाने की सलाह दी है।