भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों के तबादलों की नई सूची जारी करते हुए नौ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में कई जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं, जबकि कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादला आदेश के अनुसार, रुचिवर्धन मिश्र को आईजी भोपाल ग्रामीण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, प्रियंका शुक्ला को शाजापुर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। शहडोल के पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव के स्थान पर कुमार अग्रवाल को पदस्थ किया गया है। सरकार का उद्देश्य पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाना बताया जा रहा है। नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित अधिकारी शीघ्र ही अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। बताया जा रहा है कि कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा प्रशासनिक कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से यह तबादला सूची जारी की गई है। आने वाले दिनों में पुलिस महकमे में कुछ और प्रशासनिक बदलाव भी संभव माने जा रहे हैं।