भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में मानसून ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। लगातार वर्षा से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं कुछ स्थानों पर जनजीवन भी प्रभावित हुआ। सतना और झाबुआ में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सतना में गर्ल्स स्कूल परिसर में पेड़ गिरने से दो युवतियां घायल हो गईं। दमोह जिले में लगातार हो रही बारिश से कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। राजधानी भोपाल में दिनभर रुक-रुककर तेज बारिश होती रही, जबकि इंदौर में भी रात के समय कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बालाघाट जिलों के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक वर्षा हो सकती है। इसके अलावा अशोकनगर, देवास, खंडवा, बैतूल, सागर, मंडला और डिंडौरी जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी तेज बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 24 जून को मध्यप्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून अब पूरे प्रदेश में सक्रिय हो चुका है। करीब नौ दिनों में मानसून ने सभी जिलों को कवर कर लिया है, हालांकि इस वर्ष इसकी दस्तक सामान्य अवधि की तुलना में लगभग नौ दिन देरी से हुई। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों एवं पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा नदी-नालों के आसपास अनावश्यक जाने से बचने की अपील की है। प्रशासन को भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।