enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट

मध्यप्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में मानसून लगातार सक्रिय होता जा रहा है। बुधवार को मानसून ने सागर और भोपाल संभाग के कई जिलों में दस्तक दी। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को मानसून उज्जैन तथा ग्वालियर-चंबल संभाग के शेष हिस्सों में भी पहुंच सकता है। इसके साथ ही प्रदेश के कई जिलों में अगले चार दिनों तक भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बालाघाट जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान 4 से 8 इंच तक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं अशोकनगर, देवास, खंडवा, बैतूल, सागर, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में 5 जुलाई तक कई क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। 3 जुलाई को धार और बड़वानी जिलों में तथा 4 जुलाई को खरगोन जिले में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

इस वर्ष मानसून की शुरुआत अपेक्षाकृत धीमी रही है। अब तक प्रदेश में औसतन 100.2 मिलीमीटर (करीब 4 इंच) वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य 139.7 मिलीमीटर (करीब 5.4 इंच) की तुलना में लगभग 28 प्रतिशत कम है।

मौसम विभाग का कहना है कि जून में अपेक्षाकृत कम बारिश हुई, लेकिन जुलाई में अच्छी वर्षा की संभावना है। सामान्यतः जुलाई माह में पूरे मानसून की लगभग 40 प्रतिशत वर्षा होती है। इसी कारण कृषि कार्यों और जल स्रोतों की दृष्टि से यह महीना सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है।

प्रदेश की सामान्य वार्षिक वर्षा 37.3 इंच है। वर्तमान में अधिकांश जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है, जबकि भोपाल, इंदौर, सीहोर, शाजापुर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, बुरहानपुर और श्योपुर सहित कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, नदी-नालों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Share:

Leave a Comment