enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सिवनी में आज 494 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम डॉ. मोहन यादव, किसानों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

सिवनी में आज 494 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम डॉ. मोहन यादव, किसानों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि


भोपाल/सिवनी(ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सिवनी जिले में आयोजित प्रदेश स्तरीय धान महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे जिले को 494.16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 629 विकास कार्यों की सौगात देंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करने के साथ ही कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों के खातों में प्रोत्साहन राशि भी अंतरित करेंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 349.33 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 144.83 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और नगरीय विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

धान महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री 3,941 कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि अंतरित करेंगे। राज्य सरकार द्वारा श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों को 1,000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।

कार्यक्रम स्थल पर कृषि, प्राकृतिक खेती, श्रीअन्न (मिलेट्स), जीआई टैग उत्पादों, स्व-सहायता समूहों के उत्पादों तथा आधुनिक कृषि यंत्रों पर आधारित थीम प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जहां किसान नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

सड़क और पुल निर्माण को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री दौंदीवाड़ा-बरटोला-ओखाटोला-अमुरला मार्ग सहित कई सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा बरबसपुर-सुनवारा-आमानाला वैनगंगा नदी सेतु तथा घोघराटोला-मंगलटोला हिर्री नदी सेतु का भी लोकार्पण किया जाएगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कई पुल निर्माण कार्यों का शुभारंभ भी होगा।

पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

जिले में जल जीवन मिशन के तहत बरघाट में 145.60 करोड़ रुपये, केवलारी में 67.34 करोड़ रुपये, सिवनी में 52.19 करोड़ रुपये तथा लखनादौन में 44.49 करोड़ रुपये की नल-जल योजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही सिहोरा, घंसौर, केदारपुर, लखनवाड़ा, बींझावाड़ा और तिघरा में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्य भी जनता को समर्पित किए जाएंगे।

### शिक्षा, खेल और नगरीय विकास को मिलेगा बढ़ावा

कार्यक्रम में केवलारी खेड़ा-टालाटाली मार्ग तथा गनेशगंज-लामटा-सुनवारा-पिंडरई-देवरी टीका मार्ग का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके अलावा सिवनी में बबरिया गार्डन स्विमिंग पूल, नवीन फायर स्टेशन और नगर पालिका कार्यालय भवन की आधारशिला रखी जाएगी।

लखनादौन में मिनी स्टेडियम तथा धूमा में 100-100 सीट क्षमता वाले बालक एवं बालिका छात्रावासों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी होगा। जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत कन्या शिक्षा परिसर सिवनी और लखनादौन एप्रोच रोड के निर्माण कार्यों की शुरुआत की जाएगी। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत नवीन आंगनवाड़ी भवनों का भी भूमिपूजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के विकास, किसानों की आय बढ़ाने और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share:

Leave a Comment