enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट

मध्यप्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में मानसून अब तेजी से सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार को बालाघाट और डिंडौरी जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं देवास, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा और छिंदवाड़ा जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मंगलवार को मानसून ने आगे बढ़ते हुए भोपाल, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के अधिकांश जिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। अब अगले दो से चार दिनों के भीतर भोपाल, सागर, ग्वालियर, उज्जैन और चंबल संभाग के शेष जिलों में भी मानसून के पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, शाजापुर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा और रतलाम में हल्की बारिश होने का अनुमान है।

इस वर्ष जून महीने में प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर लगातार बना रहा। पूरे जून में औसतन 88.2 मिलीमीटर (करीब 3.5 इंच) वर्षा दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत 131.1 मिलीमीटर (करीब 5.1 इंच) है। इस प्रकार जून में सामान्य से लगभग 33 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आएगी। इससे किसानों को खरीफ फसलों की बुआई में मदद मिलेगी, वहीं गर्मी और उमस से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार