enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश 15 जिलों में एंट्री के बाद आगे नहीं बढ़ा मानसून, आज रीवा-सीधी समेत कई जिलों में बारिश के आसार

15 जिलों में एंट्री के बाद आगे नहीं बढ़ा मानसून, आज रीवा-सीधी समेत कई जिलों में बारिश के आसार

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में दक्षिण-पूर्वी हिस्से के 15 जिलों में दस्तक देने के बाद मानसून की रफ्तार फिलहाल थम गई है। पिछले तीन दिनों से मानसून आगे नहीं बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के शेष हिस्सों में मानसून के पहुंचने के लिए अभी दो से तीन दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक 24 जून को मानसून ने प्रदेश में प्रवेश किया था। सबसे पहले आलीराजपुर, इंदौर, हरदा, धार, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खरगोन, सिवनी, बालाघाट, मंडला, बड़वानी और डिंडौरी जिलों में मानसून की एंट्री दर्ज की गई थी। इसके बाद मानसून की प्रगति धीमी पड़ गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि परिस्थितियां अनुकूल होने पर मानसून सबसे पहले भोपाल और उज्जैन संभाग के जिलों में आगे बढ़ेगा, जबकि ग्वालियर-चंबल अंचल में इसकी दस्तक सबसे अंत में होगी।

इस बीच शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह और छतरपुर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा किसानों को मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार कृषि कार्य करने की सलाह दी है।

Share:

Leave a Comment