enewsmp.com
Home सीधी दर्पण खुद बने मिसाल: कलेक्टर और जिला पंचायत CEO ने किया रक्तदान

खुद बने मिसाल: कलेक्टर और जिला पंचायत CEO ने किया रक्तदान

सीधी में आयोजित शिविर में 18 यूनिट रक्त संग्रहित, युवाओं से नियमित रक्तदान की अपील

सीधी(ईन्यूज एमपी)- मानवता की सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक संदेश देते हुए जिला रक्त केंद्र, सीधी में कलेक्टर विकास मिश्रा के मार्गदर्शन में शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर विकास मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने स्वयं रक्तदान कर समाज के समक्ष अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया तथा नागरिकों, विशेषकर युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है और एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा कर सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान कर किसी अनजान व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है। यदि समाज में नियमित रक्तदान की संस्कृति विकसित हो जाए तो किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

शिविर में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 18 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ अथवा अन्य विशेष अवसरों को रक्तदान जैसे पुनीत कार्य से जोड़ें और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करें।

शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग एवं जिला रक्त केंद्र की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे, सिविल सर्जन डॉ. एस.बी. खरे, ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. अमन सिंह चंदेल, पैथोलॉजिस्ट डॉ. सुनिधि सिंह सहित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से शिविर का सफल संचालन किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए संपूर्ण जीवन का उपहार बन सकता है। रक्तदान न केवल किसी की जान बचाता है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को भी सशक्त बनाता है।

Share:

Leave a Comment