भोपाल(ईन्यूज एमपी)- राजधानी भोपाल में आयोजित कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य सचिव अनुराग जैन ने स्वास्थ्य संबंधी सूचकांकों (हेल्थ इंडिकेटर्स) में लापरवाही को लेकर कई जिलों के कलेक्टरों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई कलेक्टर बिना पूरी जानकारी के आंकड़े प्रस्तुत कर रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने विशेष रूप से इंदौर और सिंगरौली के कलेक्टरों को फटकार लगाई। सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि जिले में 100 में से केवल 25 गर्भवती महिलाओं तक ही आवश्यक दवाएं पहुंच पा रही हैं, जबकि इस दिशा में बेहतर कार्य की जरूरत है। वहीं इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा को भी गलत आंकड़े प्रस्तुत करने और समीक्षा बैठक के दौरान मोबाइल देखकर जानकारी देने पर मुख्य सचिव ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की बातों को गंभीरता से सुनना चाहिए। मुख्य सचिव ने इंदौर कलेक्टर से कहा, *"आपने यूपीएससी टॉप किया होगा, आप इंटेलिजेंट भी होंगे, लेकिन जो एसीएस बताना चाह रहे हैं, उसे भी सुनिए। मोबाइल देखकर आंकड़े मत बताइए।"* मुख्य सचिव ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य योजनाओं की नियमित समीक्षा करें, जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाएं और सही व अद्यतन आंकड़ों के साथ ही समीक्षा बैठकों में शामिल हों, ताकि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।