enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश 27 जून को भोपाल में जुटेंगे उद्यमी, ‘सशक्त उद्यमी-समृद्ध मध्यप्रदेश’ सम्मेलन में शामिल होंगे सीएम मोहन यादव

27 जून को भोपाल में जुटेंगे उद्यमी, ‘सशक्त उद्यमी-समृद्ध मध्यप्रदेश’ सम्मेलन में शामिल होंगे सीएम मोहन यादव

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर 27 जून को राजधानी भोपाल में “सशक्त उद्यमी-समृद्ध मध्यप्रदेश” सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य रूप से शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य प्रदेश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को नई दिशा देना, निवेश को प्रोत्साहित करना तथा उद्यमियों को वित्त, निर्यात और नवाचार से जुड़ी नई संभावनाओं से जोड़ना है।

सम्मेलन में प्रदेशभर के उद्यमी, उद्योग प्रतिनिधि, स्टार्टअप संस्थापक, वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि और नीति विशेषज्ञ भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान एमएसएमई क्षेत्र में निवेश, वित्तीय सहायता, निर्यात विस्तार, तकनीकी नवाचार और उद्यम विकास जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में उद्यमियों को नए बाजारों तक पहुंच, वैश्विक निर्यात अवसरों और पूंजी उपलब्धता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही उद्योग जगत के विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं के साथ संवाद का अवसर भी मिलेगा।

प्रदेश सरकार एमएसएमई क्षेत्र को रोजगार सृजन और आर्थिक विकास का प्रमुख आधार मानते हुए लगातार नई पहल कर रही है। हाल ही में राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत औद्योगिक एवं स्टार्टअप इकाइयों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह सम्मेलन मध्यप्रदेश के एमएसएमई क्षेत्र को नई गति देने, निवेश आकर्षित करने और स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


Share:

Leave a Comment