भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी है। दक्षिण-पूर्वी हिस्से के 15 जिलों में मानसून की आधिकारिक एंट्री हो चुकी है, जबकि मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों में पूरे प्रदेश को मानसून के दायरे में आने की संभावना जताई है। गुरुवार को प्रदेश के 46 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नर्मदापुरम, सागर, शहडोल और रीवा संभाग के अधिकांश जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं सीधी जिले में लू चलने की भी संभावना जताई गई है। दूसरी ओर नीमच, मंदसौर, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, रीवा और सिंगरौली में उमस और गर्मी का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, रतलाम, देवास, आगर-मालवा, शाजापुर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, सतना, सीधी, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। ### इन 15 जिलों में पहुंच चुका है मानसून मौसम विभाग ने आलीराजपुर, इंदौर, हरदा, धार, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खरगोन, सिवनी, बालाघाट, मंडला, बड़वानी और डिंडौरी जिलों में मानसून की एंट्री की पुष्टि की है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो से चार दिनों के भीतर मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। ग्वालियर-चंबल अंचल में सबसे अंत में मानसून पहुंचने की संभावना है। प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने से तापमान में गिरावट आने और किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।