enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश बस हादसे के बाद भड़का आक्रोश, बस में तोड़फोड़; चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

बस हादसे के बाद भड़का आक्रोश, बस में तोड़फोड़; चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बस की टक्कर से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसा रात करीब 8 बजे जयसवाल ढाबा के सामने हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने रीवा-सिंगरौली नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस काफी तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान उसकी चपेट में आने से मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। बच्चे की मौत से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

गुस्साए लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार बस में तोड़फोड़ करते हुए उसके शीशे फोड़ दिए। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और रीवा-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही बरगवां थाना पुलिस तथा जिले के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद यातायात व्यवस्था बहाल करने की कार्रवाई शुरू की गई।

बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर ने बताया कि मृतक बच्चे के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है।

पुलिस ने यह भी बताया कि बस में तोड़फोड़ करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

Share:

Leave a Comment