सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के ग्राम पंचायत नौढ़िया में 5 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन जनपद पंचायत कार्यालय भवन का भूमिपूजन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सीधी विधायक रीती पाठक मुख्य अतिथि तथा जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। विधायक रीती पाठक ने कहा कि नवीन जनपद कार्यालय भवन केवल एक प्रशासनिक परिसर नहीं होगा, बल्कि यह आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और सुशासन को मजबूत करने का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे, इसी उद्देश्य से इस भवन का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सीधी जिले में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। जिले में सांदीपनि विद्यालय, लॉ कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल उन्नयन, गोपालदास मंदिर जीर्णोद्धार, सड़कों का निर्माण, डिजिटल लाइब्रेरी, कन्या महाविद्यालय ऑडिटोरियम, नए बस स्टैंड और सब्जी मंडी जैसी अनेक परियोजनाएं विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रही हैं। विधायक ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित सीधी की मजबूत नींव आज से ही रखनी होगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी से गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में भवन निर्माण पूर्ण करने का आग्रह किया। जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवीन जनपद कार्यालय भवन ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। कार्यक्रम में गोपद बनास एसडीएम प्रिया पाठक, समाजसेवी देवेंद्र सिंह मुन्नू, यदुनाथ सिंह चौहान, लालचंद गुप्ता, पुनीत नारायण शुक्ला, विश्वबंधु द्विवेदी, पुष्पराज सिंह, पंकज पाण्डेय, योगेन्द्र सिंह चौहान, आरईएस के कार्यपालन यंत्री सी.एल. साकेत, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदूलाल पानिका सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।