enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ा बदलाव: 1 जुलाई से सभी कर्मचारियों के लिए ई-अटेंडेंस अनिवार्य, आदेश जारी

स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ा बदलाव: 1 जुलाई से सभी कर्मचारियों के लिए ई-अटेंडेंस अनिवार्य, आदेश जारी

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अब ई-अटेंडेंस अनिवार्य कर दी गई है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार 1 जुलाई 2026 से विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी कार्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों में कार्यरत शासकीय कर्मचारी "हमारे शिक्षक" प्रणाली के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे।

लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल से जारी आदेश में बताया गया है कि पूर्व में शिक्षकों के लिए लागू की गई ई-अटेंडेंस व्यवस्था को अब विभाग के सभी शासकीय कर्मचारियों तक विस्तारित किया जा रहा है। इसके तहत कार्यालयों और प्रशिक्षण संस्थानों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी प्रतिदिन ऑनलाइन माध्यम से अपनी उपस्थिति और अवकाश का विवरण दर्ज करेंगे।

आदेश के अनुसार संबंधित कार्यालय प्रमुख और प्रशिक्षण संस्थान प्रमुख यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके अधीनस्थ सभी कर्मचारी "हमारे शिक्षक" पोर्टल पर ऑनलाइन होकर नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करें। साथ ही निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने की जिम्मेदारी भी संबंधित प्रमुखों की होगी।

विभाग का मानना है कि ई-अटेंडेंस व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों की उपस्थिति पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी तथा कार्यप्रणाली में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही आएगी। इससे कार्यालयों में समयबद्धता और अनुशासन को भी बढ़ावा मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार लगातार शासकीय व्यवस्थाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ रही है। इसी कड़ी में अब स्कूल शिक्षा विभाग के समस्त कर्मचारियों को भी डिजिटल उपस्थिति प्रणाली से जोड़ा जा रहा है।

Share:

Leave a Comment