भोपाल (ईन्यूज एमपी)-प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त की राशि पश्चिम बंगाल से किसानों के खातों में सीधे हस्तांतरित किए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजा जाना किसानों के प्रति उनकी संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और समर्पण का प्रतीक है। इससे देश के करोड़ों किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और उनकी कृषि गतिविधियों को मजबूती प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का जो आह्वान किया है, वह पर्यावरण संरक्षण, भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने तथा कृषि की दीर्घकालिक स्थिरता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्राकृतिक खेती किसानों की लागत कम करने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण उत्पादन को भी प्रोत्साहित करती है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती भारतीय कृषि परंपरा और स्वदेशी मूल्यों से जुड़ी हुई है। यह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और कृषि को अधिक टिकाऊ एवं लाभकारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का आग्रह किया।