सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भदौरा के चौहट्टा टोला में गुरुवार सुबह शासकीय भूमि और सार्वजनिक हैंडपंप को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट होने लगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, गांव में शासकीय भूमि पर कथित कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह विवादित स्थल के समीप स्थित सार्वजनिक हैंडपंप के उपयोग को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में उग्र संघर्ष में बदल गई। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में तिवारी परिवार के तीन लोगों को हाथों में लाठी-डंडे लेकर मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। वहीं कुछ महिलाओं के साथ भी मारपीट होती दिखाई दे रही है। हालांकि विवाद केवल एक पक्ष तक सीमित नहीं था, बल्कि दोनों पक्षों के बीच संघर्ष हुआ है और दोनों ओर से लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना में रमेश तिवारी, अमित तिवारी, सुमित तिवारी, गोबिंद सेन और मुन्ना सेन सहित दोनों पक्षों के कई लोग शामिल रहे। मारपीट के दौरान महिलाओं की भी मौजूदगी रही और वे भी विवाद की चपेट में आ गईं। घटना में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी भेजा गया है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है। मड़वास थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे तथा जांच के बाद तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।