भोपाल(ईन्यूज एमपी)-राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 18 जून से 22 जून तक पांच दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वे इंदौर, बैतूल, खंडवा जिले के ओंकारेश्वर, जबलपुर, ग्वालियर एवं श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु 18 जून को इंदौर पहुंचेंगी। इसके बाद वे बैतूल में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित “एम्पावरमेंट ऑफ ट्रायबल सोसायटी बाय स्पिरिचुअल अवेकनिंग” कार्यक्रम में सहभागिता करेंगी। इसी दिन वे ओंकारेश्वर पहुंचकर भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन एवं आरती में शामिल होंगी। 19 जून को राष्ट्रपति अंतर्राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर ओंकारेश्वर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगी। इसके बाद 20 जून को वे जबलपुर पहुंचेंगी। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर के 36वें दीक्षांत समारोह में भी सहभागिता करेंगी। प्रवास के अंतिम दिन 22 जून को राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी। इसके पश्चात वे ग्वालियर पहुंचकर नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। राष्ट्रपति के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर राज्य शासन ने विभिन्न स्थानों पर उनकी अगवानी एवं विदाई के लिए मंत्रियों को “मिनिस्टर-इन-वेटिंग” नामित किया है। इंदौर में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, बैतूल में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, ओंकारेश्वर में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेन्द्र भावसिंह लोधी, जबलपुर में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, श्योपुर में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला तथा ग्वालियर में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट राष्ट्रपति की अगवानी एवं विदाई की जिम्मेदारी निभाएंगे। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर संबंधित जिलों में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।