उज्जैन(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री Mohan Yadav आज बुधवार को उज्जैन जिले की झारड़ा तहसील में 188.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामाकोटा बैराज का लोकार्पण करेंगे। छोटी कालीसिंध नदी पर बने इस बैराज से क्षेत्र के 18 गांवों के 11 हजार से अधिक किसान परिवारों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। परियोजना की जल संग्रहण क्षमता 17.57 मिलियन घन मीटर है। बैराज के माध्यम से 7,236 हेक्टेयर कृषि भूमि में पाइपलाइन पद्धति से सिंचाई की व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को बेहतर जल उपलब्धता और कृषि उत्पादन में वृद्धि का लाभ मिलेगा। सामाकोटा बैराज परियोजना से नलखेड़ा, पनोडिया, नीमखेड़ा, घट्टियाजस्सा, मेलाखेड़ी, खोरियापदमा, खेरला, लसूड़ियानहाटा, नागपुरा, छज्जुखेड़ी, देलाखेड़ी, डूंगरखेड़ी, खेड़ामद्दा, कसोन, महिदपुरिया, सोमचिड़ी और झारड़ा सहित अनेक गांवों के किसानों को सीधा फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री इस अवसर पर 19 करोड़ रुपये से अधिक लागत के अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण करेंगे। इनमें उच्च शिक्षा विभाग का नया महाविद्यालय भवन, सेमलिया, महिदपुर रोड और कुंडीखेड़ा के कन्या विद्यालय भवन, मोचीखेड़ा का 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र तथा झारड़ा क्षेत्र के 13 उप स्वास्थ्य केंद्र भवन शामिल हैं। इस प्रकार मुख्यमंत्री लगभग 207 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित करेंगे, जिससे सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।