भोपाल/भीमनगर(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा चांदनी विश्वकर्मा के घर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को पहुंचे। मुख्यमंत्री ईवी वाहन से भीमनगर की गलियों में पहुंचकर चांदनी और उनके परिवार से आत्मीय मुलाकात की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चांदनी विश्वकर्मा को उनकी शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने छात्रा और उसके परिजनों के साथ बातचीत की तथा परिवार के साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी चांदनी ने परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर जो सफलता हासिल की है, वह प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। चांदनी की सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।