भोपाल(ईन्यूज एमपी)- दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के 19 राज्यों तक पहुंच चुका है और अब अगले 48 से 72 घंटों के भीतर मध्यप्रदेश में इसकी एंट्री होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के करीब 30 जिलों में सोमवार को आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की प्रगति लगातार जारी है। मध्यप्रदेश में मानसून के प्रवेश से पहले प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं, जिसके चलते कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहेगा। कई स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। देशभर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजस्थान के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। रविवार को चित्तौड़गढ़ में एक इंच तक वर्षा दर्ज की गई। वहीं उत्तर प्रदेश के 32 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 से 20 जून के बीच मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। मध्यप्रदेश में आगामी दो दिनों तक मौसम का असर बना रहेगा। 16 और 17 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की एंट्री के साथ ही प्रदेश में तापमान में और गिरावट आएगी तथा लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।