सागर(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सागर जिले में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में लाड़ली बहना योजना की 37वीं किस्त की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। इस दौरान उन्होंने 190 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया तथा बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को स्कूटी वितरित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास का स्वर्णिम काल देखा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं ने गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना, मुफ्त राशन और शौचालय जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने हमेशा जनकल्याणकारी योजनाओं का विरोध किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लाड़ली बहना योजना को लेकर भी भ्रम फैलाने का प्रयास किया था, लेकिन सरकार ने अपना वादा निभाते हुए लगातार बहनों के खातों में राशि पहुंचाई है। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाने का प्रयास किया, जिसके कारण यह स्थिति बनी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जानबूझकर चुनाव प्रक्रिया में आवश्यक जानकारी नहीं दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने केसली में सांदीपनि विद्यालय की स्थापना, देवरी में 100 बिस्तरीय अस्पताल निर्माण, लहसुन एवं प्याज मंडी की स्थापना, देवखंडेरा मंदिर के जीर्णोद्धार, गौरझांवर एवं केसली को नगर पंचायत बनाने सहित अनेक विकास कार्यों की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए नए जलाशयों का निर्माण किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।