enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश टाइगर रिजर्व में आदमखोर बाघ का आतंक: 24 घंटे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत, गांव में दहशत

टाइगर रिजर्व में आदमखोर बाघ का आतंक: 24 घंटे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत, गांव में दहशत

उमरिया(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा कोर वन परिक्षेत्र में बाघ के हमलों ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। झलवार गांव के पास 24 घंटे के भीतर एक ही परिवार के दो लोगों की बाघ के हमले में मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को झलवार गांव निवासी 52 वर्षीय फूल बाई जंगल में महुआ बीनने गई थीं। इसी दौरान बाघ ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि शनिवार सुबह उनके भतीजे 30 वर्षीय कल्याण सिंह को भी बाघ ने अपना शिकार बना लिया। कल्याण सिंह गांव के समीप जंगल की ओर गया था, जहां बाघ ने उस पर हमला कर दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले हमले के बाद यदि वन विभाग ने पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाई होती तो दूसरी घटना टाली जा सकती थी। लोगों ने हमलावर बाघ को तत्काल पकड़ने और प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

घटनाओं की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों हमले एक ही बाघ ने किए हैं या अलग-अलग बाघों ने। उन्होंने बताया कि घटना स्थल कोर एरिया में स्थित है, जहां बाघों का लगातार मूवमेंट बना रहता है। निगरानी के लिए क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं और वन अमले की गश्त भी बढ़ा दी गई है।

लगातार दो जानें जाने के बाद झलवार गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में लोग जंगल की ओर जाने से डर रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर न जाने की अपील की है।

Share:

Leave a Comment