enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश प्री-मानसून का असर: मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी, 18 जून तक मानसून की दस्तक के आसार

प्री-मानसून का असर: मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी, 18 जून तक मानसून की दस्तक के आसार

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने से मध्य प्रदेश का मौसम लगातार बदला हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून निर्धारित समय से 3 से 4 दिन की देरी से आगे बढ़ रहा है और 18 जून तक मध्य प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।

शनिवार को भोपाल समेत कई जिलों में तेज आंधी चली, जिसकी रफ्तार 70 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक दर्ज की गई। कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं कुछ स्थानों पर जनजीवन भी प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग ने रविवार के लिए शिवपुरी और अशोकनगर जिलों में तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा ग्वालियर, गुना, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, जबलपुर, कटनी, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में सक्रिय ट्रफ लाइन के कारण अगले चार दिनों तक आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, हरदा, खंडवा और बुरहानपुर जिलों में गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है।

शनिवार को नर्मदापुरम जिले के इटारसी क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। एक एंबुलेंस पर पेड़ गिरने की घटना भी सामने आई। कई जगह बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हुईं और यातायात प्रभावित रहा। भोपाल, सीहोर, नरसिंहपुर, पचमढ़ी और पिपरिया सहित कई क्षेत्रों में भी तेज बारिश दर्ज की गई।

तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। भोपाल में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 38.1 डिग्री, उज्जैन में 39 डिग्री और जबलपुर में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के आगमन तक प्रदेश में मौसम इसी प्रकार बदलता रहेगा और कई जिलों में तेज हवाओं के साथ वर्षा की गतिविधियां जारी रहेंगी।

Share:

Leave a Comment