भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की एंट्री 15 से 18 जून के बीच होने की संभावना है। इसके पहले प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भिंड, दतिया, छतरपुर, पन्ना और सागर जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। नागरिकों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के कुछ जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा। इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, देवास, आगर-मालवा, राजगढ़ और शाजापुर में तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी के कारण प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। मानसून की अनुकूल परिस्थितियां बनने लगी हैं और अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। किसानों को खरीफ फसलों की तैयारी करने की सलाह दी गई है, हालांकि बुवाई के लिए स्थायी और व्यापक वर्षा का इंतजार करना बेहतर रहेगा।