enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री में 3-4 दिन की देरी, 17-18 जून को दस्तक के आसार

मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री में 3-4 दिन की देरी, 17-18 जून को दस्तक के आसार

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री अब 3 से 4 दिन देरी से होने के संकेत हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून 17 से 18 जून के बीच प्रदेश के दक्षिणी जिलों में प्रवेश कर सकता है। इसके बाद अगले 10 से 15 दिनों में पूरे प्रदेश को कवर करने की संभावना है।

मानसून आने से पहले प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार शुक्रवार को कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना है। मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में ओले गिरने का अनुमान जताया गया है।

भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, ग्वालियर, शिवपुरी, जबलपुर, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, बालाघाट, मंडला, छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

वहीं इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी और खरगोन जिलों में गर्मी का असर बना रहने की संभावना है।

गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। ग्वालियर में आधा इंच वर्षा हुई, जबकि मंडला, सिवनी और दतिया सहित कई जिलों में भी बारिश का दौर चला। इसके बावजूद गर्मी का असर कायम रहा और खजुराहो व नौगांव प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रीवा, सतना, दमोह, टीकमगढ़ और उमरिया समेत कई जिलों में तापमान 41 से 43 डिग्री के बीच बना रहा।

मौसम विभाग ने लोगों को तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

Share:

Leave a Comment