भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नई दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर केंद्र और राज्यों के बीच व्यापक चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सुशासन, समावेशी विकास, नवाचार और जनकल्याण के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेश में सभी वर्गों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य ने निर्धारित समय से पहले नक्सलवाद को समाप्त करने में सफलता प्राप्त की है और प्रभावित क्षेत्रों में अब विकास कार्यों को और गति दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बहनों और बेटियों के सशक्तिकरण, कृषक कल्याण, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हो रही हैं और आयुष्मान योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आरोग्य मंदिर सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। वहीं नदी जोड़ो परियोजनाओं की तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं। पीएम श्री महाविद्यालयों के माध्यम से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विविध विषयों के अध्ययन का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। धार जिले में देश के पहले पीएम मित्र पार्क की स्थापना की गई है, जहां जल्द ही औद्योगिक इकाइयों का संचालन शुरू होगा। इसके अलावा भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री के अपशिष्ट के निष्पादन सहित कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी कार्यों पर भी सरकार का फोकस है। गौरतलब है कि नीति आयोग की बैठक में मानव पूंजी विकास, रोजगार सृजन, उद्यमिता, कौशल विकास, स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक समानता जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विकसित भारत के निर्माण में राज्यों की भूमिका को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए गए।