enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश कांग्रेस ने तथ्य छिपाए, अपनों ने ही खोली पोल: सीएम डॉ. मोहन यादव

कांग्रेस ने तथ्य छिपाए, अपनों ने ही खोली पोल: सीएम डॉ. मोहन यादव

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने के मामले को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हार के डर से अपने प्रत्याशी से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को जानबूझकर छिपाने का प्रयास किया, लेकिन अंततः उसकी सच्चाई सामने आ गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस के भीतर ही राज्यसभा सीट को लेकर कई नेता दावेदार थे। टिकट नहीं मिलने से असंतुष्ट नेताओं ने ही पार्टी के अंदरूनी मामलों और संबंधित तथ्यों को उजागर कर दिया, जिससे कांग्रेस की कार्यशैली और आंतरिक कलह जनता के सामने आ गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा समाज को बांटने की राजनीति करती रही है और सत्ता में रहते हुए केवल अपने स्वार्थों की पूर्ति पर ध्यान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व विकास किया है। करोड़ों लोगों को आवास, मुफ्त राशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। आज भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्यसभा में एनडीए के सदस्यों की संख्या लगातार बढ़ रही है और भाजपा सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी "सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास" के मंत्र के साथ कार्य कर रही है।

Share:

Leave a Comment