enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी में कमजोर मानसून के संकेत, फिर भी प्री-मानसून ने दिखाई ताकत; 14 जिलों में सामान्य से 100% से 672% अधिक बारिश

एमपी में कमजोर मानसून के संकेत, फिर भी प्री-मानसून ने दिखाई ताकत; 14 जिलों में सामान्य से 100% से 672% अधिक बारिश

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में इस वर्ष मानसून सामान्य से कमजोर रहने के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत प्रदेश के 47 जिलों में सामान्य से 90 से 95 प्रतिशत तक ही वर्षा होने की संभावना है। हालांकि मानसून की औपचारिक एंट्री अभी प्रदेश में नहीं हुई है, लेकिन प्री-मानसून गतिविधियां जोरदार बनी हुई हैं।

1 जून से 9 जून के बीच प्रदेश में औसतन आधा इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान 14 जिलों में सामान्य से कई गुना अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। इनमें भोपाल, निवाड़ी, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, श्योपुर, अलीराजपुर, अशोकनगर, देवास, हरदा, मुरैना, राजगढ़, सीहोर और शाजापुर प्रमुख हैं।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो निवाड़ी में सामान्य 1.9 मिमी के मुकाबले 14.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो 672 प्रतिशत अधिक है। नीमच में 493 प्रतिशत, आगर-मालवा में 385 प्रतिशत, श्योपुर में 346 प्रतिशत, मंदसौर में 334 प्रतिशत तथा भोपाल में 304 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

वहीं दूसरी ओर प्रदेश में गर्मी भी अपने तेवर दिखा रही है। मंगलवार को छतरपुर जिले के खजुराहो में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। प्रदेश के 26 शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। दतिया में 44 डिग्री, रीवा, राजगढ़ और टीकमगढ़ में 43 डिग्री के आसपास तापमान रहा।

मौसम विभाग ने बुधवार को बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है।

उधर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, सतना, टीकमगढ़, छतरपुर समेत कई जिलों में गर्मी और उमस का असर बना रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण फिलहाल मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जबकि प्रदेश में मानसून की दस्तक अगले कुछ दिनों में होने की उम्मीद है।

Share:

Leave a Comment