enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश महंगाई का एक और झटका: घरेलू गैस सिलेंडर 29 रुपए महंगा, तीन महीने में 89 रुपए बढ़े दाम

महंगाई का एक और झटका: घरेलू गैस सिलेंडर 29 रुपए महंगा, तीन महीने में 89 रुपए बढ़े दाम

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- आम उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें शनिवार रात 12 बजे के बाद से लागू हो गई हैं। राजधानी भोपाल में अब 14.2 किलोग्राम का घरेलू गैस सिलेंडर 918.50 रुपए की जगह 947.50 रुपए में मिलेगा।

यह बीते तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए की वृद्धि की गई थी। इस तरह मार्च से जून के बीच घरेलू गैस सिलेंडर कुल 89 रुपए महंगा हो चुका है।

बड़े शहरों में बढ़ी कीमतें

मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों में भी गैस सिलेंडर की नई दरें लागू हो गई हैं। ग्वालियर में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 1025 रुपए पहुंच गई है, जबकि उज्जैन में यह 1001 रुपए में मिलेगा। इंदौर में सिलेंडर की कीमत 970 रुपए और जबलपुर में 919 रुपए हो गई है।

तेल कंपनियों ने बताई वजह

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार सरकारी तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में लगातार वृद्धि और घरेलू बिक्री पर हो रहे नुकसान के कारण यह निर्णय लिया गया है। कंपनियों का दावा है कि प्रत्येक घरेलू गैस सिलेंडर पर उन्हें करीब 703 रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में कीमतों में की गई बढ़ोतरी केवल आंशिक राहत प्रदान करेगी।

छोटे सिलेंडर भी हुए महंगे

घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे एलपीजी सिलेंडर उपयोगकर्ताओं पर भी असर पड़ा है। 5 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 11 रुपए की वृद्धि की गई है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 821.50 रुपए हो गई है।

पेट्रोल, डीजल और सीएनजी भी पहले हो चुके महंगे

एलपीजी से पहले पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो चुकी है। मई महीने में पेट्रोल और डीजल के दाम कुल मिलाकर लगभग 7.50 रुपए प्रति लीटर तक बढ़े हैं, जबकि सीएनजी करीब 6 रुपए प्रति किलोग्राम महंगी हुई है। तेल कंपनियों का दावा है कि बढ़ी हुई लागत के बावजूद पेट्रोल और डीजल अभी भी लागत मूल्य से कम दर पर बेचे जा रहे हैं।

आम जनता पर बढ़ेगा बोझ

गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ेगा। रसोई गैस पहले से ही कई परिवारों के लिए महंगी साबित हो रही है और अब नई बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में कमी नहीं आई तो आने वाले समय में उपभोक्ताओं को और महंगाई का सामना करना पड़ सकता है।

Share:

Leave a Comment