भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में मानसून की आधिकारिक दस्तक से पहले ही प्री-मानसून गतिविधियां पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गई हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 20 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 52 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश होने की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के ऊपर तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी है। गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, देवास, हरदा और बैतूल जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज आंधी और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में बारिश और आंधी के आसार मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, रायसेन, राजगढ़, इंदौर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, नर्मदापुरम, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित अनेक जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं आलीराजपुर, झाबुआ और रतलाम जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है। बारिश से लुढ़का पारा, श्योपुर बना सबसे ठंडा शहर लगातार हो रही बारिश और आंधी के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। हैरानी की बात यह रही कि प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी भी श्योपुर से गर्म रहा। श्योपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पचमढ़ी में 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। गुना में 35.4 डिग्री, सिवनी में 36 डिग्री, रतलाम में 36.2 डिग्री, राजगढ़ में 36.4 डिग्री, बैतूल में 36.5 डिग्री तथा सतना में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं खरगोन, नरसिंहपुर, खजुराहो, खंडवा और छिंदवाड़ा जैसे कुछ जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रहा। बड़े शहरों में भी मौसम हुआ सुहाना प्रदेश के प्रमुख शहरों में इंदौर का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री, उज्जैन का 35 डिग्री, भोपाल का 35.5 डिग्री, ग्वालियर का 37.9 डिग्री और जबलपुर का 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में शुक्रवार शाम तेज आंधी और बारिश के कारण कई क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल गया। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों में न रुकने तथा तेज हवाओं के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। मानसून के आगमन से पहले प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।