enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश अशोक का पौधा लगाकर सीएम ने शुरू किया हरित सहकार अभियान, बोले- किसानों को दिलाएंगे MSP से अधिक दाम

अशोक का पौधा लगाकर सीएम ने शुरू किया हरित सहकार अभियान, बोले- किसानों को दिलाएंगे MSP से अधिक दाम

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को भोपाल स्थित अपेक्स बैंक मुख्यालय परिसर में अशोक का पौधा रोपकर "एक पेड़ मां के नाम 2.0" अभियान के तहत प्रदेशव्यापी हरित सहकार अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के अंतर्गत अपेक्स बैंक, जिला सहकारी बैंकों और प्रदेश की सभी प्राथमिक सहकारी समितियों (पैक्स) में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 जून से 21 जून विश्व योग दिवस तक सहकारी समितियों के माध्यम से प्रदेशभर में एक लाख पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अभियान बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसानों के हितों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का मूल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से भी अधिक मिले। प्रदेश में गेहूं उत्पादन और खरीदी में नया रिकॉर्ड बना है तथा किसानों को बोनस सहित बेहतर भुगतान किया गया है।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश को "मिल्क कैपिटल" बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए सांची मॉडल को मजबूत किया जा रहा है। वहीं गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए शिवपुरी जिले के कोलारस में नई शुगर फैक्ट्री स्थापित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सहकारी समितियों में पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि यदि किसी पैक्स में अधिकारी या कर्मचारी द्वारा गड़बड़ी की जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। हालांकि इसका असर किसानों पर नहीं पड़ने दिया जाएगा और दोषियों को ही जवाबदेह ठहराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सिंचाई, बिजली, कृषि और सहकारिता के क्षेत्र में लगातार कार्य कर किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डी.पी. आहूजा, अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह, नाबार्ड के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में सहकारिता विभाग के कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment