enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया "एक पेड़ माँ के नाम 2.0" अभियान का शुभारंभ

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया "एक पेड़ माँ के नाम 2.0" अभियान का शुभारंभ

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में "एक पेड़ माँ के नाम 2.0"अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभागार परिसर में स्वर्ण चंपा, सीता अशोक, रामफल और आंवला के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक है और प्रत्येक नागरिक को इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सर्कुलर इकॉनॉमी से संबंधित पांच कोर्स मॉड्यूल्स तथा एप्को एवं इन्टैक द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत प्रदेश के 16 जिलों की 500 बावड़ियों के प्रलेखन दस्तावेजों का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और सर्कुलर इकॉनॉमी से जुड़े नवाचारों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न संस्थाओं द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम में वर्ष 2024-25 के लिए 8 श्रेणियों में 11 राज्य स्तरीय पर्यावरण पुरस्कार भी प्रदान किए गए। ये पुरस्कार पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली औद्योगिक इकाइयों, शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं व्यक्तियों को प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

Share:

Leave a Comment