enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश विश्व पर्यावरण दिवस पर शुरू होगा ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान, सीएम मोहन यादव करेंगे शुभारंभ

विश्व पर्यावरण दिवस पर शुरू होगा ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान, सीएम मोहन यादव करेंगे शुभारंभ

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में "एक पेड़ मां के नाम 2.0" अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे आयोजित होगा, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और सतत विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली औद्योगिक इकाइयों, शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं व्यक्तियों को वर्ष 2024-25 के लिए 8 श्रेणियों में 11 राज्य स्तरीय पर्यावरण पुरस्कार प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर "इंस्पायर्ड बाय नेचर, फॉर क्लाइमेट एंड फॉर अवर फ्यूचर" थीम पर आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री सर्कुलर इकॉनॉमी से संबंधित 5 कोर्स मॉड्यूल्स तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 16 जिलों की 500 बावड़ियों के प्रलेखन दस्तावेजों का भी विमोचन करेंगे।

अभियान के तहत नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों, स्व-सहायता समूहों, पंचायतों और नगरीय निकायों को बड़े पैमाने पर पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा। लगाए गए पौधों का जियो-टैगिंग कर उनका पंजीयन "मेरी लाइफ" (Meri LiFE) पोर्टल पर किया जाएगा।

यह अभियान 5 जून से 30 सितंबर 2026 तक पूरे प्रदेश में जनभागीदारी के साथ संचालित होगा। इसके अलावा सभी जिलों में पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण शपथ, संगोष्ठी, रैली, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार सहित पर्यावरणविद एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।

Share:

Leave a Comment