enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश में बनेगी ‘सैक’, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने सीएम मोहन यादव का बड़ा फैसला

मध्यप्रदेश में बनेगी ‘सैक’, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने सीएम मोहन यादव का बड़ा फैसला

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) की तर्ज पर राज्य स्तर पर **स्टेट असेसमेंट एंड एक्रिडिटेशन काउंसिल (SAAC)** के गठन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में आवश्यकता अनुसार नए महाविद्यालय खोले जाएं तथा छात्र संख्या बढ़ने पर कॉलेजों में सुबह और शाम की शिफ्ट में कक्षाएं संचालित करने पर भी विचार किया जाए। उन्होंने रोजगारपरक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।

डॉ. यादव ने कहा कि आगामी वर्ष को **"युवा वर्ष"** के रूप में मनाने की तैयारी की जाए और विद्यार्थियों के हित में नए कार्यक्रम एवं योजनाएं लागू की जाएं। उन्होंने कृषि शिक्षा को लोकप्रिय बनाने के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक विद्यार्थी कृषि स्नातक पाठ्यक्रमों से जुड़े हैं।

बैठक में जानकारी दी गई कि इंदौर, उज्जैन और चित्रकूट में तीन वर्षीय विमानन (एविएशन) बीबीए पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। वहीं प्रदेश में 384 शोध केंद्र संचालित हैं और जल्द ही 100 नए शोध केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने रोजगारपरक शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, खाद्य प्रसंस्करण, आर्किटेक्चर और कृषि विज्ञान जैसे विषयों में नए पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही 12वीं पास विद्यार्थियों के लिए काउंसलिंग व्यवस्था विकसित करने पर भी बल दिया।

Share:

Leave a Comment