enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश 20 जून के बाद दस्तक देगा मानसून, फिलहाल 39 जिलों में आंधी-बारिश और ओलों का अलर्ट

20 जून के बाद दस्तक देगा मानसून, फिलहाल 39 जिलों में आंधी-बारिश और ओलों का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री 20 जून के बाद होने की संभावना है, लेकिन उससे पहले प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। बुधवार को प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में मौसम बदला रहा, वहीं गुरुवार को 39 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार नीमच, श्योपुर, मुरैना, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में ओलावृष्टि के साथ 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। वहीं भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम, जबलपुर, सागर और रीवा संभाग के 33 अन्य जिलों में 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्री-मानसून गतिविधियां बनी हुई हैं। इसके चलते कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

हालांकि इंदौर और शहडोल संभाग के कुछ जिलों में तेज धूप निकलने की संभावना है, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

Share:

Leave a Comment