भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत प्रदेश में जुलाई माह से सरकारी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। इसकी शुरुआत इंदौर से होगी। योजना के प्रथम चरण में 150 इलेक्ट्रिक बसों को सड़कों पर उतारा जाएगा। इन बसों का संचालन शहरी एवं अंतरजिला परिवहन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। सरकार का दावा है कि इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रदूषण मुक्त यात्रा का विकल्प मिलेगा। पीएम ई-बस सेवा के अंतर्गत मध्यप्रदेश को सात क्षेत्रों में विभाजित किया गया है। इंदौर के बाद भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, सागर, रीवा और ग्वालियर से भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। विशेष बात यह है कि बस सेवा को केवल प्रदेश तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि पड़ोसी राज्यों महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, राजस्थान और गुजरात तक इंटरस्टेट बस संचालन की भी योजना बनाई गई है। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी। सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से डीजल पर निर्भरता कम होगी, प्रदूषण में कमी आएगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।